मंगलवार, 19 जनवरी 2010

आर.टी.आई.अवार्ड के लिए डाली गयी आर.टी.आई.

अभिनव उपाध्याय, नई दिल्ली
सूचना का अधिकार कानून के प्रभावी प्रयोग करने वाले कार्यकर्ताओं और इस कानून के आधार पर कारगर निर्णय देने वाले अधिकारियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से शुरू किया गए आरटीआई अवार्ड पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में पारदर्शिता न बरतने का आरोप लगाया है। यही नहीं, कुछ सूचना आयुक्तों ने भी इस अवार्ड पर प्रश्नचिह्न लगाए हैं।


सूचना के अधिकार पर काम करने वाले कार्यकर्ता अफरोज आलम साहिल ने इस अवार्ड से संबंधित 18 सवाल पब्लिक कॉज रिसर्च फाउंडेशन से पूछे हैं। जिसमें आमिर खान ने इसमें शामिल होने के लिए कितना पैसा लिया, इस कार्यक्रम में खर्च हुए पैसों का ब्यौरा, पिछले तीन वर्षो में इस संस्थान के लोगों द्वारा की गई यात्राओं के खर्च का ब्यौरा सहित यह अवार्ड जिन लोगों को दिया गया उसका उनके चयन का आधार क्या था? इस अवार्ड को आयोजित करने के लिए कितना फंड मिला और किसने दिया? सहित कई प्रश्न शामिल हैं।


बिहार के कार्यकर्ता शिवप्रकाश ने इस प्रक्रिया और आयोजकों पर आरोप लगाया कि यह अपने करीबी लोगों को दिया गया है जिन्होंने कोई महत्वपूर्ण कार्य नहीं किया है। यह हास्यास्पद है कि बिहार से जिसे नामित किया गया है, उसे न मीडिया के लोग जानते हैं और न ही अधिकारी। इसकी चयन प्रक्रिया पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए एक पूर्व सूचना आयुक्त ने बताया कि उनके स्वयं के निर्णय बहुत प्रभावी थे और बाद में सरकार ने उनके द्वारा लिए गए आदेशों पर कार्यवाई की, लेकिन इस अवार्ड में कई महत्वपूर्ण दृष्टिकोणों की अनदेखी की गई।


गौरतलब है कि इस कार्यक्रम के आयोजकों में एक प्रमुख मीडिया चैनल और अखबार भी शामिल था। इस संबंध में कार्यक्र म के आयोजकों में से एक अरविंद केजरीवाल का कहना है कि अवार्ड में नामांकन से लेकर इसे विश्लेषित करने और अवार्ड देने में कुल 50 लाख का खर्च आया, जिसमें 25 लाख इंफोसिस के नारायण मूर्ति ने और 25 लाख टाटा फाउंडेशन ने दिया। अब चैनेल ने कितना खर्च किया, इससे हमारा कुछ लेना देना नहीं है। कुल 1150 नामांकन भारत भर से आए थे। इसके अलावा 52000 आदेशों का भी विश्लेषण किया गया। इसके बाद भी किसी को परेशानी है तो वह संबंधित जानकारियां ले सकता है।
(आज समाज से साभार)


सूचना के अधिकार अधिनियम-2005 के तहत पूछे गए सवाल....

1. PCRF की स्थापना कब और क्यों किया गया। इसकी स्थापना किस उद्देश्य से की गई है।
2. पिछले तीन वर्षों में इस संस्था के द्वारा कितने कार्यक्रम कब-कब आयोजित किए गए। दिनांकवार सूची उपलब्ध कराएं। इन पर आने खर्चों का ब्यौरा भी उपलब्ध कराए।
3. इस संस्था में कौन-कौन से लोग जुड़े हैं। सदस्यों सहित समस्त अधिकारीगण का नाम उपलब्ध कराए।
4. पिछले तीन वर्षों में इस संस्था को कहां-कहां से कितनी राशि फंड के रूप में मिली है।
5. पिछले तीन वर्षों में इस संस्था से जुड़े लोगों ने कितनी और कहां-कहां यात्राएं की। इस पर आने वाले खर्चों का ब्यौरा उपलब्ध कराए।
6. आर.टी.आई. अवार्डस के लिए कितने नामों का नॉमिनेशन हुआ, और इनके नामों का नॉमिशन कितने लोगों ने किया था।
7. जितने भी नामों का नॉमिनेशन हुआ, उन सब के कार्यों का ब्यौरा, जो उन्होंने उपलब्ध कराई है, देने का कष्ट करें।
8. जिन लोगों को अवार्ड दिया गया, वो किस आधार पर दिया गया।
9. इस अवार्ड के लिए फंड कहां-कहां से मिला, तथा कितनी धन-राशि खर्च की गई। किस-किस रूप में।
10. इस अवार्ड के लिए जिन नियम-कानून का पालन किया गया उनकी प्रतिलिपी उपलब्ध कराई जाए।
11. इस अवार्ड में आने के लिए आमिर खान ने कितनी धन-राशि ली या दी।
12. इस अवार्ड के लिए कितने मीडिया पार्टनर थे। उन्होंने कितनी धन-राशि ली या दी।
13. इस अवार्ड के लिए नामित लोगों से किस प्रकार संबंध स्थापित किया गया। फोन के माध्यम से या पत्र के माध्यम से या फिर दोनों के माध्यम से।
14. इस अवार्ड के संबंध में जितने भी विज्ञापन व स्टोरी समाचार पत्रों में प्रकाशित हुए, उन सब की प्रतिलिपी उपलब्ध कराई जाए।
15. इस अवार्ड के लिए चयन व छंटनी की प्रक्रिया के बारे में बताए।
16. जिन लोगों को इस अवार्ड के लिए चयनित या छांटा गया, उनकी फाईल नोटिंग उपलब्ध कराए।
17. अवार्ड देने के लिए जिस टीम का गठन किया गया, उसमें कौन-कौन से लोग शामिल थे। उनका ब्यौरा उपलब्ध कराए। साथ ही यह भी बताए कि उनको किस आधार पर टीम में शामिल किया गया और उनका बैकग्राउंड क्या है।
18. Award Ceremony के लिए कितनी धन राशि खर्च की गई।


0 टिप्पणियाँ: